DehardunNaitionalNewsbeatआपका शहरउत्तराखंडखबर हटकरट्रेंडिंग खबरेंताज़ा ख़बरन्यूज़सोशल मीडिया वायरल

Asian Para Games 2026: चौथे दिन भारत ने गोल्ड के साथ की शुरुआत, सुवर्णा राज ने डिस्कस थ्रो में जीता गोल्ड

Asian Para Games 2026 Medals Tally: मेडल टैली में भारत अभी 71 मेडल (16 गोल्ड, 22 सिल्वर, 33 ब्रॉन्ज) के साथ चौथे स्थान पर है.

Asian Para Games 2026 Day 4 Updates: जापान के शहर नागोया में खेले जा रहे पांचवें एशियन पैरा गेम्स का आज (22 अक्टूबर) चौथा दिन है. भारतीय खिलाड़ियों का पैरा गेम्स में शानदार प्रदर्शन जारी है. भारत ने आज के दिन की शुरुआत भी गोल्ड मेडल से की, जब सुवर्णा राज ने महिलाओं के डिस्कस थ्रो एफ54 मुकाबले में गोल्ड मेडल जीता. इसके बाद तीरंदाजी में कंपाउंड मिक्स्ड टीम ने दूसरा गोल्ड जीता. इसके साथ भारत के गोल्ड मेडल की संख्या 16 हो गई है.

इसके अलावा भारत ने आज के दिन अब तक 9 मेडल अलग-अलग खेलों में जीते हैं. जिसके साथ भारत के कुल मेडल की संख्या 71 तक पहुंच गई है, जिसमें 16 गोल्ड, 22 सिल्वर, 33 ब्रॉन्ज शामिल हैं. नीचे आज के दिन मेडल जीतने वालों के बारे में जानकारी दी गई है.

शीतल देवी और टोमन कुमार ने जीता गोल्ड
शीतल देवी और टोमन कुमार की तीरंदाजी की कंपाउंड मिक्स्ड टीम ने गोल्ड मेडल जीत लिया है. उन्होंने फाइनल में इंडोनेशिया को 151-148 से हराकर, इस टूर्नामेंट में भारत के लिए तीरंदाजी का पहला गोल्ड मेडल जीता.

सुवर्णा राज ने जीता गोल्ड
सुवर्णा राज ने महिलाओं के डिस्कस थ्रो एफ54 के वर्ग में 15.66 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ गोल्ड मेडल जीता. सुवर्णा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने छह प्रयासों में से चार में 15 मीटर से अधिक का थ्रो किया. उन्होंने अपने पांचवें प्रयास में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके पोडियम पर शीर्ष स्थान हासिल किया. ईरान की शाहला हदीदी 15.45 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि वियतनाम की थी न्गोक थुई गुयेन ने 14.65 मीटर के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता. बता दें कि एफ54 श्रेणी उन खिलाड़ियों के लिए है जिनके धड़ और निचले अंग सक्षम नहीं होते हैं और वह व्हीलचेयर पर बैठकर थ्रो करते हैं.

**EDS: WITH STORY; THIRD PARTY IMAGE** In this image received on Oct. 22, 2026, Swati Chaudhary created history by winning India’s first-ever medal in the W1 category of archery at the Asian Para Games, settling for silver after losing to China’s Cen Mengkan in the women’s individual final. (Handout via PTI Photo) (PTI10_22_2026_000005B)

स्वाति ने तीरंदाजी में सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रचा
स्वाति चौधरी ने तीरंदाजी की महिला डब्ल्यू1 श्रेणी में भारत का पहला मेडल जीतकर इतिहास रच दिया. उन्हें महिला व्यक्तिगत फाइनल में चीन की सेन मेंगकन से हारकर सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा. मेरठ की 37 वर्षीय स्वाति को भले ही गोल्ड मेडल नहीं मिला लेकिन वह इस वर्ग में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय तीरंदाज बन गई. स्वाती ने पिछले महीने अहमदाबाद में वर्ल्ड तीरंदाजी पैरा सीरीज में ब्रॉन्ज मेडल जीता था. बता दें कि डब्ल्यू1 श्रेणी में गंभीर शारीरिक अक्षमता वाले खिलाड़ी भाग लेते हैं. इस वर्ग में टेट्राप्लेजिया जैसी स्थितियों से ग्रस्त एथलीट शामिल हैं, जिनमें मांसपेशियों की शक्ति और अंगों के कार्य में समान रूप से कमी होती है.

संजना कुमारी ने जीता ब्रॉन्ज
संजना कुमारी ने महिला सिंगल्स SL3 बैडमिंटन इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता है. सेमीफाइनल में उन्हें जापान की शिनो कावाई से 7-21, 9-21 से हार का सामना करना पड़ा. बैडमिंटन में आज भारत का यह पांचवां ब्रॉन्ज मेडल है.

कृष्णा नागर और नित्या श्री ने जीता ब्रॉन्ज
बैडमिंटन के मिक्स्ड डबल्स SH6 इवेंट में, कृष्णा नागर और नित्या श्री ने ब्रॉन्ज मेडल जीता. सेमीफाइनल में उन्हें इंडोनेशिया की रीना मार्लिना और सुभान से हार मिली. भारतीय जोड़ी अपने इंडोनेशियाई प्रतिद्वंद्वियों के सामने टिक नहीं सकी और इस तरह सेमीफाइनल चरण में ही उनका सफर समाप्त हो गया.

मनीषा रामदास और प्रमोद भगत ने जीता ब्रॉन्ज
भारतीय बैडमिंटन जोड़ी मनीषा रामदास और प्रमोद भगत ने ब्रॉन्ज मेडल जीता. सेमीफाइनल में उन्हें इंडोनेशिया की ओक्टिला लीनी रात्री और हिकमत रमदानी से तीन गेमों (21-16, 13-21, 17-21) में हार का सामना करना पड़ा.

एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय दल
इस महाद्वीपीय खेल में भारत ने 281 सदस्यों का दल भेजा है, जिसमें 168 एथलीट और 113 अधिकारी व सपोर्ट स्टाफ शामिल हैं. खास बात ये है कि इन 168 भारतीय एथलीटों में 112 पुरुष और 56 महिलाएं हैं, जो 11 खेलों में हिस्सा लेंगी.

एशियन पैरा गेम्स 2022 में भारत का प्रदर्शन
चीन के हांगझोऊ में हुए पिछले एशियन पैरा गेम्स में भारत ने कुल 111 पदक जीते थे, जिनमें 29 गोल्ड, 31 सिल्वर और 51 ब्रॉन्ज मेडल शामिल थे. यह इस प्रतियोगिता में भारतीय दल का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था, और भारत मेडल टैली में चीन, ईरान, जापान और कोरिया के बाद पांचवें स्थान पर रहा था.